गोंडा। जिले के नवाबगंज ब्लॉक स्थित जैतपुर माझा में तैनात बीएलओ और सहायक अध्यापक विपिन यादव सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर अवस्था में पाए गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उन्होंने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया था, जिसके चलते उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उन्हें पहले गोर्नाड अस्पताल ले गए, जहां से स्थिति गंभीर होने पर जिला अस्पताल गोंडा रेफर किया गया। बाद में डॉक्टरों ने बेहतर उपचार के लिए उन्हें लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी भेजा, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
प्रशासनिक अधिकारियों का दौरा
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन सहित वरिष्ठ अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। डीएम ने बताया कि विपिन यादव घर पर ही कुछ खाने के बाद बीमार पड़े और वह सोमवार को बूथ पर ड्यूटी के लिए भी नहीं पहुंचे थे।
एडीएम आलोक कुमार ने पुष्टि की कि लखनऊ पहुंचने से पहले ही उनकी मृत्यु हो गई। उन्होंने बताया कि बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने के लिए SDM सदर और नायब तहसीलदार नवाबगंज को भी उनके साथ भेजा गया था, लेकिन KGMU पहुंचते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले की जांच प्रशासन द्वारा जारी है।




