मुरादाबाद। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने गुरुवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के एक गोदाम में चल रहे फर्जी देसी अंडों के कारखाने का भंडाफोड़ किया। टीम ने छापेमारी में कृत्रिम रंगों से सफेद अंडों को देसी अंडों का रूप देने की पूरी प्रक्रिया पकड़ी।
मौके से कुल 80 हजार से अधिक अंडे बरामद किए गए जिनमें 45,360 पहले से रंगे हुए अंडे और 35,640 सफेद अंडे शामिल हैं जिन्हें रंगकर देसी अंडे के रूप में बेचने की तैयारी थी। सभी अंडों को जब्त कर गोदाम को सील कर दिया गया। जब्त अंडों का बाजार मूल्य लगभग 3.90 लाख रुपये आंका गया है।
अधिकारियों के अनुसार सफेद अंडों पर चाय पत्ती के घोल और सिंदूर केमिकल सहित अन्य कृत्रिम रंगों का प्रयोग कर उन्हें देसी अंडों जैसा भूरा रंग दिया जा रहा था। ये रसायन मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकते हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त राजवंश प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि विभाग को कुछ दिन पहले बाजार में रंगे हुए अंडे बेचे जाने की शिकायत मिली थी। शिकायत पर टीम ने 12-13 दिन तक लगातार निगरानी रखी और मुखबिरों की मदद ली। रविवार रात करीब 10 बजे गोदाम पर छापा मारा गया जहां अंडा व्यापारी और मजदूर मौजूद थे। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
रंगे हुए अंडों की सप्लाई कहां-कहां की जा रही थी, इसकी जांच जारी है। विभाग ने खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही आमजन से मिलावटी उत्पादों के प्रति सतर्क रहने की अपील की है।




