चेन्नई। बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव गुरुवार को और संगठित होकर चक्रवाती तूफान ‘दित्वाह’ में तब्दील हो गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तर तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिण आंध्र प्रदेश तटों के लिए प्री-साइक्लोन अलर्ट जारी कर दिया है।
मौसम विभाग के अनुसार चक्रवात वर्तमान में श्रीलंका के पॉटुविल तट से लगभग 90 किमी दक्षिण-दक्षिणपूर्व और चेन्नई से करीब 700 किमी दक्षिण-दक्षिणपूर्व स्थित है। यह उत्तर-उत्तरपश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है और 30 नवंबर की सुबह तक तमिलनाडु-पुडुचेरी तथा दक्षिण आंध्र प्रदेश तटों के निकट पहुंचने की संभावना है।
विभाग ने इन क्षेत्रों में 30 नवंबर तक भारी से अति भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी है। चक्रवात की सटीक लैंडफॉल स्थिति इसकी गति और दिशा पर निर्भर करेगी जिसकी निरंतर निगरानी की जा रही है।
इस बीच अरब सागर में सक्रिय रहा चक्रवात ‘सेन्यार’ अब काफी कमजोर पड़ चुका है। मलक्का जलडमरूमध्य क्षेत्र में इसका अवशेष गहरे दबाव से भी कमजोर होकर सामान्य डिप्रेशन में बदल गया है और 18 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पूर्व दिशा की ओर बढ़ रहा है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार ‘दित्वाह’ तथा कमजोर पड़ते ‘सेन्यार’ के संयुक्त प्रभाव से दक्षिण भारत के तटीय राज्यों में अगले कुछ दिनों तक व्यापक बारिश की स्थिति बनी रहेगी। प्रशासन ने मछुआरों को समुद्र में न जाने और तटीय क्षेत्रों में आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।




