दिल्ली। तिगड़ी एक्सटेंशन के बी-ब्लॉक में शनिवार देर शाम चार मंजिला इमारत में लगी भीषण आग से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों को एम्स ट्रॉमा सेंटर और सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फायर ब्रिगेड को आग की सूचना शाम करीब 6.30 बजे मिली, जिसके बाद चार दमकल वाहनों को मौके पर भेजा गया। गली संकरी होने और आग इमारत के अंदरूनी हिस्से में लगने के कारण दमकलकर्मियों को राहत कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। प्रारंभिक जानकारी में दो मौतों की पुष्टि हुई थी, जबकि पुलिस की आगे की जांच में तीसरा शव भी बरामद किया गया।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि बी-ब्लॉक तिगड़ी एक्सटेंशन में आग की PCR कॉल शाम 6.24 बजे प्राप्त हुई। जांच में पाया गया कि आग का केंद्र ग्राउंड फ्लोर पर स्थित फुटवियर दुकान थी, जहां से लपटें तेजी से ऊपर की मंजिलों तक फैल गई थीं।
अधिकारियों के अनुसार, दो घायल महिलाओं को तुरंत रेस्क्यू कर अस्पताल भेजा गया। क्राइम टीम और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई हैं। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
हादसे के बाद क्षेत्र में तनाव और शोक का माहौल है। पुलिस और दमकल विभाग आग के कारणों व जिम्मेदारी की जांच कर रहे हैं।




