नई दिल्ली. भारत-बांग्लादेश और भारत-पाकिस्तान सीमाओं पर हाल के दिनों में सुरक्षा गतिविधियों में तेजी आई है। बांग्लादेश सीमा पर पुरानी बाड़ को बदलने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जबकि पश्चिम बंगाल में बीएसएफ और बांग्लादेशी तस्करों के बीच मुठभेड़ हुई है। वहीं, पाकिस्तान की ओर आतंकियों के लॉन्चिंग पैड दोबारा सक्रिय होने की जानकारी भी सुरक्षा एजेंसियों को मिली है।
बीएसएफ त्रिपुरा फ्रंटियर के आइजी अलोक कुमार चक्रवर्ती ने बताया कि भारत-बांग्लादेश सीमा पर लगी पुरानी बाड़ काफी जगह से खराब हो चुकी है और भारी बारिश के कारण उसकी स्थिति और बिगड़ गई है। उन्होंने कहा कि नई और मजबूत बाड़ लगाने के लिए नया डिजाइन केंद्र सरकार को भेजा गया है, जो विचाराधीन है। जल्द ही नई बाड़ लगाने का काम शुरू किए जाने की उम्मीद है। चक्रवर्ती ने कहा कि फिलहाल सीमा की स्थिति सामान्य है और दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय अच्छा है।
पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में शनिवार रात बीएसएफ और बांग्लादेशी तस्करों के बीच मुठभेड़ हुई। तस्करों ने बीएसएफ जवानों पर हमला कर तस्करी का प्रयास किया, जिसे जवानों ने नाकाम कर दिया। आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई में एक तस्कर मारा गया, जबकि अन्य बांग्लादेश की ओर भाग निकले। मौके से कटर, धारदार हथियार, 96 बोतल फेंसेडिल कफ सिरप और दो बोतल विदेशी शराब बरामद की गई। बीएसएफ ने मामले की प्राथमिकी स्थानीय थाने में दर्ज कराई है।
उधर, पाकिस्तान की ओर आतंकियों के कई लॉन्चिंग पैड सक्रिय होने की जानकारी भी सामने आई है। बीएसएफ आइजी अशोक यादव ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पीओके में कई लॉन्चिंग पैड नष्ट किए गए थे, लेकिन अब भी कुछ पैड सक्रिय हैं और सर्दियों से पहले पाकिस्तान घुसपैठ कराने की कोशिशें बढ़ा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तान ने कई लॉन्चिंग पैडों को सीमा से दूर ‘डेप्थ एरिया’ में स्थानांतरित किया है। सियालकोट और जफरवाल के आसपास करीब 12 लॉन्चिंग पैड सक्रिय बताए जा रहे हैं, जबकि अन्य क्षेत्रों में लगभग 60 लॉन्चिंग पैड मौजूद हैं।
अधिकारियों के अनुसार अब आतंकियों ने संगठन आधारित अलग-अलग कैंपों की जगह मिश्रित समूह तैयार कर लिए हैं। बीएसएफ का कहना है कि आवश्यकता पड़ने पर ऑपरेशन सिंदूर दोबारा शुरू किया जा सकता है।




