नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े तीन आतंकियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये आरोपी पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से संपर्क में थे। पुलिस इस कार्रवाई को लाल किले ब्लास्ट की जांच से भी जोड़कर देख रही है, हालांकि सुरक्षा एजेंसियों ने इन गिरफ्तार आरोपियों का दिल्ली ब्लास्ट के मुख्य आरोपी डॉ. उमर उन नबी से प्रत्यक्ष संबंध होने की पुष्टि नहीं की है। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी उत्तर भारत के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार यह गिरफ्तारी ब्लास्ट केस की जांच को नई दिशा दे रही है, जिसमें आतंकवादी नेटवर्क के साथ-साथ पाकिस्तान के गैंगस्टर शहजाद भट्टी का नाम भी प्रमुखता से उभर रहा है। तीनों आतंकियों को उत्तर प्रदेश, पंजाब और मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया गया है।
कौन है शहजाद भट्टी
शहजाद भट्टी मूल रूप से पाकिस्तान के पंजाब का रहने वाला है। उसके पास मोरक्को का पासपोर्ट है और वह यूएई में सक्रिय माना जाता है। भट्टी सोशल मीडिया पर खुद को इस्लाम और पाकिस्तान का सिपाही बताते हुए कई वीडियो जारी कर चुका है।
जानकारी के अनुसार वह पहले लॉरेंस बिश्नोई गैंग के साथ हथियार तस्करी में शामिल था, लेकिन वर्ष 2025 में दोनों के बीच रिश्ते बिगड़ गए। अप्रैल 2025 के पहलगाम आतंकी हमले के बाद जब बिश्नोई ने पाकिस्तान पर जवाबी कार्रवाई की धमकी दी, तो भट्टी ने भी वीडियो जारी कर सिद्धू मूसेवाला और बाबा सिद्दीकी हत्याकांड से जुड़े तथाकथित ‘रहस्य’ उजागर करने की चेतावनी दी थी। उसका दावा है कि उसके पास कई राजनीतिक व्यक्तियों, फंडिंग नेटवर्क और हथियारों के स्रोत से संबंधित रिकॉर्डिंग मौजूद हैं।
आज शाम करेगी दिल्ली पुलिस प्रेस कॉन्फ्रेंस
इस पूरे मामले पर दिल्ली पुलिस आज शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जा रही है। माना जा रहा है कि पुलिस इसमें कई अहम खुलासे कर सकती है और पकड़े गए पूरे मॉड्यूल की गतिविधियों पर जानकारी दे सकती है। इसी के साथ यह भी स्पष्ट होगा कि क्या इस मॉड्यूल का सीधा संबंध हालिया दिल्ली ब्लास्ट से है या नहीं।




