नई दिल्ली। देश में नवंबर महीने के जीएसटी आंकड़ों में रेट कट के सकारात्मक असर के बीच कुल कलेक्शन में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सोमवार को जारी सरकारी आंकड़ों के अनुसार, नवंबर 2024 में ग्रॉस जीएसटी कलेक्शन 0.7 प्रतिशत बढ़कर 1.70 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 1.69 लाख करोड़ रुपये था।
हालांकि, जीएसटी से मिलने वाला शुद्ध राजस्व 2.3 प्रतिशत घटकर 1.24 लाख करोड़ रुपये से ऊपर रहा। राजस्व में यह गिरावट 22 सितंबर से लागू 375 वस्तुओं पर जीएसटी दरों में कमी के कारण आई है। इसके विपरीत, नवंबर में आयात से प्राप्त राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई। इम्पोर्ट से जीएसटी संग्रह 10.2 प्रतिशत बढ़कर 45,976 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
राज्यों के कलेक्शन में भी सुधार
देश के प्रमुख राज्यों में भी नवंबर महीने में जीएसटी संग्रह में बढ़ोतरी दर्ज की गई। हरियाणा में 17 प्रतिशत, असम में 18 प्रतिशत और केरल में 8 प्रतिशत की वृद्धि हुई। गुजरात और तमिलनाडु में कलेक्शन में क्रमशः 1 और 2 प्रतिशत की बढ़त रही, जबकि राजस्थान में 6 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
पिछले महीनों की तुलना में गिरावट
हालांकि नवंबर का कलेक्शन साल-दर-साल आधार पर बढ़ा है, लेकिन यह पिछले महीनों की तुलना में कम रहा। अक्टूबर में कुल जीएसटी कलेक्शन सितंबर के 1.89 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 1.96 लाख करोड़ रुपये था। वहीं मई 2025 में जीएसटी संग्रह ने 2 लाख करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया था। इन आंकड़ों की तुलना में नवंबर का कलेक्शन अपेक्षाकृत कमजोर रहा।




