नई दिल्ली। वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों में यात्रियों को अब यात्रा के दौरान स्थानीय व्यंजनों का आनंद मिलेगा। रेलवे ने निर्णय लिया है कि ट्रेन जिस क्षेत्र से गुजरेगी, उस क्षेत्र की प्रसिद्ध डिश और स्थानीय भोजन परोसा जाएगा। इसका उद्देश्य यात्रियों को क्षेत्रीय संस्कृति और खान-पान से जोड़ना है। हालिया रेल भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश दिए। बैठक में रेल एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू भी उपस्थित थे। रेल मंत्री ने कहा कि स्थानीय भोजन शामिल करने से यात्रियों को नया और बेहतर अनुभव प्राप्त होगा। सबसे पहले यह सुविधा वंदे भारत ट्रेनों में शुरू की जाएगी तथा भविष्य में इसे अन्य ट्रेनों में भी विस्तारित किया जाएगा।
बैठक में टिकट बुकिंग प्रणाली पर भी विस्तृत चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि फर्जी आईडी से बुकिंग पर सख्ती के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। कड़ी पहचान प्रणाली लागू होने के बाद IRCTC पर दैनिक नई यूजर आईडी की संख्या घटकर लगभग 5 हजार रह गई है, जबकि पहले यह एक लाख तक पहुंच जाती थी। रेलवे की कार्रवाई में अब तक 3.03 करोड़ फर्जी अकाउंट बंद किए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त 2.70 करोड़ यूजर आईडी को अस्थायी रूप से निलंबित या निलंबन के लिए चिह्नित किया गया है। मंत्रियों ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि टिकट बुकिंग प्रणाली को और सरल एवं मजबूत बनाया जाए, ताकि सामान्य यात्रियों को वास्तविक आईडी से आसानी से टिकट उपलब्ध हो सके।




