नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल, गोवा, राजस्थान, पुडुचेरी एवं लक्षद्वीप में स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) प्रक्रिया के बाद ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी है। इस प्रक्रिया से मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। जिनका नाम सूची में नहीं है, वे 16 दिसंबर 2025 से 15 जनवरी 2026 तक अपील कर सकते हैं।
पश्चिम बंगाल में 4 नवंबर से 11 दिसंबर तक चली SIR के बाद ड्राफ्ट सूची से 58 लाख 20 हजार 898 नाम हटाए गए। राज्य के कुल मतदाता 7 करोड़ 66 लाख 37 हजार 529 से घटकर 7 करोड़ 8 लाख 16 हजार 630 रह गए। पूर्व नौकरशाह एवं विशेष पर्यवेक्षक सुब्रत गुप्ता ने कहा कि नाम हटे मतदाताओं को घबराने की जरूरत नहीं। लगभग 30 लाख मतदाताओं, जिनका विवरण 2002 की सूची से मेल नहीं खाता, को सुनवाई का अवसर मिलेगा, जहां दस्तावेज प्रस्तुत कर पात्रता साबित कर सकेंगे।
गोवा में कुल 11 लाख 85 हजार 34 मतदाताओं में से 10 लाख 84 हजार 992 ने फॉर्म जमा किया। ड्राफ्ट सूची से 1 लाख 42 नाम हटाए गए।
राजस्थान में 5 करोड़ 46 लाख 56 हजार 215 मतदाताओं में से 5 करोड़ 4 लाख 71 हजार 396 ने फॉर्म जमा किया। 41 लाख 84 हजार 819 फॉर्म नहीं जमा हुए। इनमें 8.75 लाख मृत एवं 29.6 लाख स्थानांतरित/अनुपस्थित पाए गए। लगभग 11 लाख को दस्तावेज जमा करने हेतु नोटिस जारी किए जाएंगे। जयपुर जिले में सबसे अधिक नाम हटे।
लक्षद्वीप में 57 हजार 813 मतदाताओं में से 56 हजार 384 ने फॉर्म जमा किया। ड्राफ्ट सूची से 1 हजार 429 नाम हटाए गए।




