नई दिल्ली। चांदी ने आज 17 दिसंबर को इतिहास रचते हुए पहली बार 2 लाख रुपये प्रति किलो का आंकड़ा पार कर लिया है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, एक किलो चांदी की कीमत में 8,775 रुपये की तेजी दर्ज की गई, जिससे इसका भाव 2,00,750 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गया। इससे पहले चांदी 1,91,977 रुपये प्रति किलो के स्तर पर कारोबार कर रही थी।
गौरतलब है कि 18 मार्च को चांदी पहली बार 1 लाख रुपये प्रति किलो के स्तर पर पहुंची थी। यानी मात्र 9 महीनों में चांदी की कीमत 1 लाख से बढ़कर 2 लाख रुपये प्रति किलो हो गई, जबकि 50 हजार से 1 लाख रुपये तक पहुंचने में इसे करीब 14 साल का समय लगा था। मौजूदा भाव के साथ चांदी अपने अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है।
चांदी की कीमतों में तेजी के प्रमुख कारणों में औद्योगिक मांग का बढ़ना शामिल है। सोलर पैनल, इलेक्ट्रॉनिक्स और इलेक्ट्रिक वाहनों में बड़े पैमाने पर उपयोग के चलते चांदी अब केवल आभूषण तक सीमित नहीं रही है, बल्कि एक महत्वपूर्ण औद्योगिक कच्चा माल बन गई है। इसके अलावा अमेरिका में टैरिफ को लेकर आशंकाओं के चलते वहां की कंपनियां बड़े पैमाने पर चांदी का स्टॉक कर रही हैं, जिससे वैश्विक आपूर्ति पर दबाव बढ़ा है। उत्पादन में संभावित बाधाओं की आशंका के चलते निर्माता भी अग्रिम खरीद कर रहे हैं, जबकि निवेशकों की ओर से सिल्वर ईटीएफ के जरिए बढ़ता निवेश भी मांग को मजबूत कर रहा है।
इधर, सोने की कीमतों में भी मजबूती देखने को मिली है। आज 24 कैरेट शुद्धता वाला सोना 936 रुपये की बढ़त के साथ 1,32,713 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इससे पहले 16 दिसंबर को इसका भाव 1,31,777 रुपये प्रति 10 ग्राम था। उल्लेखनीय है कि सोने ने 15 दिसंबर को 1,33,442 रुपये प्रति 10 ग्राम का अब तक का सर्वकालिक उच्च स्तर बनाया था।




