नई दिल्ली। बॉलीवुड एक्ट्रेस और डांसर नोरा फतेही का मुंबई में सड़क हादसा हो गया। वह अमेरिकी डीजे डेविड गुएटा के कॉन्सर्ट में शामिल होने के लिए जा रही थीं, तभी कॉन्सर्ट स्थल की ओर जाते समय उनकी कार की टक्कर हो गई। हादसे में उन्हें सिर में मामूली चोट आई है।
बताया जा रहा है कि नोरा फतेही सनबर्न फेस्टिवल में डेविड गुएटा के कॉन्सर्ट में शिरकत करने जा रही थीं। इसी दौरान एक नशे में धुत चालक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। घटना के बाद उनकी टीम उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले गई, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। डॉक्टरों ने उन्हें आराम की सलाह दी थी।
हालांकि, चोट के बावजूद नोरा ने काम पर लौटने का फैसला किया और शनिवार रात सनबर्न 2025 में परफॉर्म भी किया। वह कॉन्सर्ट के दौरान डेविड गुएटा के साथ मंच पर नजर आईं और दर्शकों को अपने अपकमिंग इंटरनेशनल सिंगल की झलक दिखाई।
यह गाना डेविड गुएटा, अमेरिकी गायिका सिएरा और नोरा फतेही के सहयोग से तैयार किया गया है, जिसमें नोरा ने अपनी आवाज भी दी है।
इंटरनेशनल वर्कफ्रंट की बात करें तो नोरा फतेही हाल ही में जिमी फैलन के शो ‘द टुनाइट शो’ में नजर आई थीं, जहां उन्होंने जमैका की गायिका शेनसीया के साथ ‘व्हाट डू आई नो? (जस्ट अ गर्ल)’ गाना परफॉर्म किया। अभिनय के क्षेत्र में भी वह सक्रिय हैं। वह आने वाली फिल्मों ‘कंचना 4’ और ‘केडी: द डेविल’ के जरिए साउथ सिनेमा में अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगी। इसके अलावा इस साल उनकी फिल्में ‘बी हैप्पी’, ‘उफ ये सियाप्पा’ और वेब सीरीज ‘द रॉयल्स’ रिलीज हो चुकी हैं, जिसमें उन्होंने ईशान खट्टर के साथ काम किया है।




