रायपुर। रायपुर लोकसभा क्षेत्र में आयोजित सांसद खेल महोत्सव 2025 अब अपने अंतिम और निर्णायक चरण में पहुंच गया है। महोत्सव का मेगा फाइनल और समापन समारोह 23 दिसंबर से 25 दिसंबर 2025 तक राजधानी के विभिन्न खेल स्थलों पर आयोजित किया जाएगा।
सोमवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि सांसद खेल महोत्सव, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फिट इंडिया और खेलो इंडिया की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल बन चुका है। रायपुर लोकसभा क्षेत्र की नौ विधानसभा सीटों—रायपुर दक्षिण, रायपुर पश्चिम, रायपुर उत्तर, रायपुर ग्रामीण, आरंग, अभनपुर, धरसीवा, भाटापारा और बलौदा बाजार—से 85 हजार से अधिक खिलाड़ियों की सहभागिता ने इस आयोजन को अभूतपूर्व जनसमर्थन दिलाया है।
उन्होंने बताया कि 21 सितंबर 2025 से संकुल, जोन और ब्लॉक स्तर पर शुरू हुई प्रतियोगिताओं के बाद अब 23 और 24 दिसंबर को मेगा फाइनल आयोजित किया जाएगा, जिसमें लगभग 5 हजार खिलाड़ी भाग लेंगे। अंतिम चरण की प्रतियोगिताएं नेताजी सुभाष स्टेडियम, मोतीबाग रायपुर, सप्रे शाला वॉलीबॉल मैदान, जे.एन. पाण्डेय स्कूल और अंतरराष्ट्रीय स्विमिंग पूल में संपन्न होंगी।
23 दिसंबर को नेताजी सुभाष स्टेडियम में विधायकों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में मेगा फाइनल का उद्घाटन किया जाएगा। वहीं 24 दिसंबर को आयोजित कार्यक्रम में दिल्ली के सांसद एवं लोकप्रिय गायक मनोज तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
25 दिसंबर 2025 को पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस सुशासन दिवस के अवसर पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, रायपुर में समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन प्रस्तावित है, जबकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाएगी। समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि तीनों दिनों के दौरान राज्य का नाम देश-विदेश में रोशन करने वाले खिलाड़ियों और खेल अधिकारियों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने के लिए प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
इस आयोजन को सफल बनाने के लिए खेल संघों, नगर निगम, जिला प्रशासन, स्कूल शिक्षा विभाग, खेल विभाग, पुलिस सहित विभिन्न विभागों के लगभग 1500 कर्मचारी, अधिकारी, व्यायाम शिक्षक और खेल अधिकारी सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं।
उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में लोगों से आयोजन में शामिल होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की और अब तक हुए सफल आयोजन व प्रचार-प्रसार के लिए मीडिया का आभार व्यक्त किया। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि स्वास्थ्य, अनुशासन और सामाजिक एकता का जन आंदोलन है।
उन्होंने बताया कि इस महोत्सव में पारंपरिक और आधुनिक खेलों का अनूठा संगम देखने को मिला है। कुश्ती, खो-खो, गेड़ी दौड़, भारोत्तोलन, फुगड़ी, रस्सी कूद, कबड्डी, बास्केटबॉल, शतरंज, वॉलीबॉल, रस्सा-कसी, शरीर शौष्ठव और तैराकी सहित 13 खेल विधाओं में 19 वर्ष से कम और अधिक आयु वर्ग के महिला व पुरुष खिलाड़ियों ने खेल भावना के साथ भाग लेकर इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाया है।




