रायपुर। राजधानी रायपुर की सेंट्रल जेल में गैंगवार की घटना सामने आई हैं। यहां जेल के अंदर चाकू से जानलेवा हमला हुआ है। हाल ही में बहुचर्चित यश शर्मा हत्याकांड से जुड़ा एक मामला सामने आया है, जिस केस के मुख्य गवाह कुशाल तोलानी पर जेल के अंदर चाकू से जानलेवा हमला हुआ है।
जानकारी के अनुसार, कुशाल तोलानी को प्रतिबंधित धाराओं से जुड़े एक मामले में सिर्फ एक दिन के लिए सेंट्रल जेल लाया गया था। इसी दौरान उस पर हमला कर दिया गया।आरोप है कि यश शर्मा हत्याकांड के आरोपियों ने पहले से साजिश रचकर जेल में यह हमला करवाया, ताकि मुख्य गवाह को डराया-धमकाया जा सके और वह कोर्ट में बयान न दे सके। जेल प्रबंधन के अधिकारी मामले में जवाब नहीं दे रहे है।
बताया जा रहा है कि हमला करने वाला कैदी एनडीपीएस एक्ट में सजा काट रहा है। उसने अचानक कुशाल तोलानी पर चाकू से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।जेल प्रशासन ने उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद जेल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
इस वारदात ने एक बार फिर जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़ित पक्ष की ओर से इस पूरे मामले की लिखित शिकायत कलेक्टर और एसएसपी को दी गई है।



