लंदन। ब्रिटेन में बंगाली हिंदू आदर्श संघ यूके के सदस्यों ने शनिवार को लंदन स्थित बांग्लादेश हाई कमीशन के बाहर ‘जस्टिस फॉर हिंदूज़’ के बैनर तले प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हो रहे कथित उत्पीड़न के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हस्तक्षेप की मांग की गई।
न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, इस प्रदर्शन को भारतीय मूल के अन्य संगठनों का भी समर्थन मिला। प्रदर्शनकारियों ने ‘हिंदू लाइव्स मैटर’ जैसे नारे लगाए और शांतिपूर्ण ढंग से हनुमान चालीसा का पाठ किया।
बीएचएएस यूके ने जारी बयान में कहा कि इस शांतिपूर्ण प्रदर्शन में छात्र, पेशेवर, बच्चों के साथ माता-पिता, बुजुर्ग सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधि शामिल हुए। सभी ने अल्पसंख्यक अधिकारों की रक्षा और मानवाधिकार उल्लंघनों के लिए जवाबदेही तय करने की मांग को लेकर एकजुटता दिखाई।
पीटीआई के मुताबिक, हाल के दिनों में बांग्लादेश के मैमनसिंह जिले के भालुका इलाके में धर्म का अपमान करने के आरोप में एक हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या किए जाने की घटना सामने आई थी। स्थानीय पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद युवक के शव को एक पेड़ से बांधकर आग लगा दी गई थी।




