नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में कुछ महीनों बाद होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कोलकाता में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला बोला। तीन दिवसीय कोलकाता दौरे पर पहुंचे अमित शाह ने अपने दौरे के दूसरे दिन बंगाल की जनता से भाजपा को पूर्ण बहुमत देने की अपील की।
अमित शाह ने कहा कि अप्रैल में होने वाले विधानसभा चुनाव में बंगाल की जनता भय, भ्रष्टाचार, कुशासन और घुसपैठ की राजनीति से मुक्ति चाहती है। उन्होंने कहा कि विकास, विरासत और गरीब कल्याण पर आधारित मजबूत सरकार बनाने का संकल्प बंगाल की जनता में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
उन्होंने 30 दिसंबर को ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि इसी दिन 1943 में महान स्वतंत्रता सेनानी सुभाष चंद्र बोस ने पोर्ट ब्लेयर में पहली बार आजाद भारत का झंडा फहराया था, जो स्वतंत्रता संग्राम का एक महत्वपूर्ण पड़ाव था।
गृह मंत्री ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के 15 वर्षों के शासन में बंगाल भय, भ्रष्टाचार और घुसपैठ से त्रस्त है। जनता न केवल भयभीत है, बल्कि भविष्य को लेकर आशंकित भी है।
अमित शाह ने भरोसा दिलाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यदि बंगाल में भाजपा की सरकार बनती है, तो राज्य की विरासत को पुनर्जीवित किया जाएगा, विकास को नई गति मिलेगी और गरीब कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि 2026 के बाद भाजपा सरकार के गठन के साथ बंगाल की संस्कृति, गौरव और पुनर्जागरण की नई शुरुआत होगी।




