नेशनल डेस्क। दिल्ली सरकार ने 31 जनवरी को समाप्त हो रही पानी बिल माफी योजना 15 अगस्त 2026 तक के लिए बढ़ा दिया है। जो लोग अभी तक इस योजना का लाभ नहीं उठा सके हैं, या बिल का भुगतान करने के लिए अपने बिल में गड़बड़ी ठीक नहीं करा सकें, वे भी इस योजना का लाभ ले सकेंगे।
जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने आज शुक्रवार को प्रेसवार्ता कर कहा कि अब आने वाले समय में पानी के बिल पर पूरी डिटेल दी जाएगी। कितना पानी खर्च हुआ, कितना जुर्माना लगा और किस किस माह में जोड़कर कुल कितना बिल आया, यह पूरी जानकारी बिल में ही दी जाएगी।
जल मंत्री ने लोगों से अपील किया है कि अगर वे अपना घर बंद करके कुछ माह के लिए बाहर जाते हैं तो अपना कनेक्शन सस्पेंड करा दें। ऐसा नहीं करने पर मीटर चालू रहता है और बिल बढ़ता रहता है। लोक अदालत की तरह ही जल बोर्ड हर इलाके में शिविर भी लगाएगा। जिन लोगों के बिल ज्यादा आ गए हैं, उनको ठीक किया जाएगा और बिल जमा करवाया जाएगा।
वर्मा ने कहा कि उन्हें पिछली सरकार की बहुत सी खामियां मिली हैं, जिन्हें उनको ठीक करने में टाइम लग रहा है। जो घरेलू कनेक्शन नहीं है, उनके लिए भी माफी योजना जल्द ही लाई जाएगी। घरेलू कनेक्शन में कुल 14 लाख 68 हजार लोगों का पानी का बिल बकाया था। अभी तक तीन लाख 30 हजार लोगों ने इस योजना का लाभ उठाया है, जो लगभग, 20 प्रतिशत है।




