रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क रहा, लेकिन मौसम विभाग ने बुधवार (15 जुलाई) से मानसूनी गतिविधियों में तेजी आने की संभावना जताई है। राज्य में अब तक सामान्य से 29 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।
रायपुर में सुबह से बदला मौसम
राजधानी रायपुर में सुबह से आसमान में काले बादल छाए रहे और हल्की बूंदाबांदी से मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग ने सुबह के समय बारिश को लेकर यलो अलर्ट भी जारी किया है।
पिछले 24 घंटे का मौसम
मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश नहीं हुई। बिलासपुर में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजनांदगांव और पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून द्रोणिका जम्मू, देहरादून, बाराबंकी, पटना, बांकुड़ा और कनिंग होते हुए पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। वहीं उत्तर बंगाल की खाड़ी और उससे लगे दक्षिण बांग्लादेश के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके प्रभाव से अगले 24 घंटों में उत्तर बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।
इस सिस्टम के असर से प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक के साथ बौछारें, कुछ स्थानों पर भारी बारिश और वज्रपात की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, बारिश का मुख्य असर उत्तर छत्तीसगढ़ में देखने को मिल सकता है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में बुधवार को दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने सुकमा, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों में तेज हवा, गरज-चमक, आकाशीय बिजली और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में यलो अलर्ट
इसके अलावा सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा और बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।




