रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में राजधानी रायपुर की अग्निशमन व्यवस्था का मुद्दा मंगलवार को सदन में उठा। रायपुर दक्षिण के विधायक सुनील सोनी ने शहर में फायर स्टेशनों की कमी पर चिंता जताते हुए कहा कि लगभग 9 लाख की आबादी वाले रायपुर में चारों दिशाओं में फायर स्टेशन होने चाहिए। उन्होंने सरकार से पूछा कि नए फायर स्टेशन का भूमिपूजन कब तक किया जाएगा। सोनी ने कहा कि राष्ट्रीय मानकों के अनुसार प्रत्येक 2 लाख की आबादी पर एक फायर स्टेशन होना चाहिए।
इस पर गृह मंत्री विजय शर्मा ने बताया कि वर्तमान में टिकरापारा में एक फायर स्टेशन संचालित है, नगर निगम का एक फायर स्टेशन कार्यरत है और एक फायर स्टेशन नवा रायपुर में है। इस प्रकार रायपुर क्षेत्र में कुल तीन फायर स्टेशन उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल 22 अग्निशमन वाहनों के साथ व्यवस्था संचालित की जा रही है तथा राजस्व विभाग के आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा अप्रैल–मई में नई फायर ब्रिगेड वाहनों की खरीदी की जाएगी।
सुनील सोनी ने कहा कि पिछले एक महीने में राजधानी में छह से अधिक आगजनी की घटनाएं हुई हैं, जिनमें करोड़ों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। इस पर मंत्री विजय शर्मा ने स्वीकार किया कि सीमित संसाधनों में काम किया जा रहा है और कई मामलों में संबंधित संस्थाओं की गंभीर लापरवाही सामने आई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस विषय पर जल्द बैठक कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।




