नारायणपुर। राज्य के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले में नक्सलियों की खोखली और हिंसक विचारधारा से त्रस्त होकर 22 सक्रिय नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। आत्मसमर्पण करने वालों में 14 पुरुष और 8 महिलाएं शामिल हैं। इनमें से एक नक्सली दंपति ने भी बंदूक छोड़ कर समाज की मुख्यधारा में लौटने का फैसला लिया है।
पुलिस के अनुसार, ये सभी नक्सली कुतुल एरिया कमेटी और आमदाई एरिया कमेटी से जुड़े हुए थे, जो लंबे समय से क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों में संलिप्त थे। अब इन्होंने नक्सल संगठनों की हिंसा, शोषण और खोखली विचारधारा से तंग आकर आत्मसमर्पण का रास्ता चुना है।
Read Also- छत्तीसगढ़ में बिजली दरों में 1.89 प्रतिशत की वृद्धि, 1 जुलाई से लागू होंगी नई दरें
इस आत्मसमर्पण में सबसे बड़ा नाम एरिया कमांडर सुखलाल का है, जिस पर 8 लाख रुपये का इनाम घोषित था। सुखलाल ने भी अपनी पत्नी के साथ आत्मसमर्पण कर समाज की मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया। सभी 22 नक्सलियों पर मिलाकर कुल 37 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस और जिला प्रशासन ने इन सभी नक्सलियों का स्वागत करते हुए उन्हें छत्तीसगढ़ शासन की पुनर्वास नीति के तहत सभी आवश्यक सहायता, सुरक्षा और सुविधा प्रदान करने का भरोसा दिलाया है।




