कवर्धा/रायपुर। सावन मास के तीसरे सोमवार को छत्तीसगढ़ के ऐतिहासिक और धार्मिक तीर्थ स्थल बाबा भोरमदेव मंदिर में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हजारों कांवड़ियों और शिवभक्तों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया। श्रद्धालुओं के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री ने भक्ति भाव से सभी को अभिनंदित किया।
मुख्यमंत्री के साथ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और अरुण साव भी इस आयोजन में शामिल रहे। यह लगातार दूसरा वर्ष है, जब मुख्यमंत्री स्वयं पुष्पवर्षा कर शिवभक्तों का स्वागत कर रहे हैं।
रुद्राभिषेक कर प्रदेश की खुशहाली की कामना
पुष्पवर्षा के पश्चात मुख्यमंत्री साय ने बाबा भोरमदेव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और रुद्राभिषेक कर प्रदेशवासियों की समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं से आत्मीय संवाद करते हुए उन्होंने कहा,
“बाबा भोरमदेव की पावन धरती पर शिवभक्तों के साथ जुड़ना मेरे लिए सौभाग्य और गर्व का विषय है। यह हमारी आस्था और सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है।”
पदयात्रा कर पहुंची विधायक भावना बोहरा का सम्मान
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने पंडरिया विधायक भावना बोहरा का विशेष सम्मान किया, जिन्होंने अमरकंटक से 151 किलोमीटर पदयात्रा कर भोरमदेव मंदिर में जलाभिषेक किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें भगवा वस्त्र और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़, मंत्रोच्चारण, ढोल-नगाड़ों की गूंज और भक्ति में डूबा वातावरण — बाबा भोरमदेव धाम पर सावन के तीसरे सोमवार को श्रद्धा का यह महासंगम लंबे समय तक श्रद्धालुओं के दिलों में गूंजता रहेगा।




