जबलपुर। मध्यप्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए जबलपुर से एक अफगानी नागरिक को फर्जी दस्तावेजों के ज़रिए भारतीय पासपोर्ट बनवाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सोहबत खान के रूप में हुई है, जो बीते 10 वर्षों से अवैध रूप से भारत में रह रहा था।
जिले में ‘गौ सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत: आवारा मवेशियों पर नियंत्रण और दुर्घटनाओं को रोकने का प्रयास
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी को बड़ी ओमती थाना क्षेत्र से पकड़ा गया। उसके पास से कई फर्जी दस्तावेज और डिजिटल सबूत बरामद किए गए हैं, जिनके जरिए उसने खुद को भारतीय नागरिक के रूप में पेश किया था।
गिरोह का खुलासा, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ से भी जुड़े तार
ATS की पूछताछ में यह सामने आया है कि सोहबत खान केवल खुद तक सीमित नहीं था, बल्कि वह एक संगठित नेटवर्क का हिस्सा था। उसने पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ में रह रहे अपने अन्य अफगानी साथियों के लिए भी फर्जी पते और कागज़ात तैयार करवाकर भारतीय पासपोर्ट हासिल करने में मदद की थी।
एजेंसियों के मुताबिक, इस गिरोह के जरिए कई विदेशी नागरिक भारत में अवैध रूप से रह रहे थे और खुद को भारतीय साबित कर सरकारी दस्तावेज प्राप्त कर रहे थे।
राज्यभर में अलर्ट, जांच एजेंसियां सतर्क
इस खुलासे के बाद राज्य की सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता बढ़ा दी है। विदेशी नागरिकों विशेषकर अफगान मूल के लोगों के दस्तावेजों की गहन जांच शुरू कर दी गई है। एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि क्या इस नेटवर्क का संबंध किसी आतंकी संगठन या देशविरोधी गतिविधियों से भी है।
न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी
ATS ने आरोपी सोहबत खान को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अब ATS उस नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में लगी है, जिससे यह गिरोह संचालित होता था। इस सिलसिले में जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।




