बलौदाबाजार। कलेक्टर दीपक सोनी ने बुधवार को गिरौदपुरी पहुंचकर लोक निर्माण विभाग द्वारा लगभग 2 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से बनाए जा रहे बहुउद्देशीय सामुदायिक भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की धीमी प्रगति और गुणवत्ता में कमी पर नाराज़गी जताते हुए विभाग के एसडीओ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने पेंटिंग सहित शेष कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए और भवन के विभिन्न कक्ष, किचन व बाथरूम की गुणवत्ता की भी जांच की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कुछ दीवारों में दरार और अन्य मरम्मत योग्य खामियों को तत्काल सुधारने के आदेश दिए।
बताया गया कि भवन में 5 कमरे, 2 डॉरमेटरी, मंच, किचन और पुरुष एवं महिलाओं के लिए अलग-अलग बाथरूम की सुविधा है। पेंटिंग का काम वर्तमान में जारी है, जिसे जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया गया है।




