गुरुग्राम। बॉलीवुड सिंगर राहुल फाजिलपुरिया के फाइनेंसर रोहित शौकीन की हत्या और सिंगर पर हुई फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ और गुरुग्राम क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में पांच शूटरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया।
वजीरपुर में मुठभेड़
बुधवार को गुरुग्राम पटौदी रोड स्थित वजीरपुर इलाके में यह कार्रवाई हुई। पुलिस ने जैसे ही एक बिना नंबर की इनोवा कार को रोकने का प्रयास किया, उसमें बैठे हथियारबंद बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने चार बदमाशों को पैर में गोली मारकर काबू कर लिया।
गैंगस्टर रोहित सरधानिया-दीपक नांदल से जुड़ा गिरोह
एसटीएफ के अनुसार पकड़े गए सभी बदमाश विदेश में बैठे गैंगस्टर रोहित सरधानिया और दीपक नांदल के शूटर हैं। इनकी पहचान इस प्रकार हुई—
- विनोद पहलवान (निवासी झज्जर)
- पदम उर्फ राजा (निवासी सोनीपत)
- शुभम उर्फ काला
- गौतम उर्फ गोगी
- आशीष उर्फ आशु
अस्पताल में भर्ती
मुठभेड़ में घायल चारों बदमाशों को पुलिस ने तुरंत गुरुग्राम के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है। फिलहाल मामले में आगे की पूछताछ जारी है।




