रायपुर।
छत्तीसगढ़ में एक बार फिर आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब आधा दर्जन ठिकानों पर दबिश दी है। पुख्ता सूत्रों से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई बिलासपुर समेत प्रदेश के विभिन्न इलाकों में की जा रही है। बताया जा रहा है कि यह मामला साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) से जुड़ी एक गंभीर शिकायत पर आधारित है।
सूत्रों के मुताबिक, आयकर विभाग की टीमें एक साथ कई स्थानों पर पहुंचकर दस्तावेजों की जांच कर रही हैं। छापेमारी की यह कार्रवाई फिलहाल गोपनीय रखी गई है, लेकिन इससे जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। माना जा रहा है कि यह छापे कर चोरी और वित्तीय अनियमितताओं से संबंधित हो सकते हैं। आयकर विभाग की टीम पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी है और जल्द ही आधिकारिक जानकारी सामने आने की उम्मीद है।




