सक्ती। तेज रफ्तार कार ने बस कंडक्टर को टक्कर मार दी। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि कंडक्टर को टक्कर मारने के बाद वो वहां बनी चाय की दुकान को तोड़ते हुए निकली। इसके बाद उप पंजीयक कार्यालय के सामने बने डिवाइडर को तोड़ते हुए नाली में गिर गई।
जानकारी के मुताबिक सक्ती के प्रतीक्षा बस स्टैंड से आज सुबह 7:30 बजे सक्ती से चांपा की ओर जाने के लिए गदाधारी बस निकली थी। गदाधारी बस का कंडक्टर राजकुमार साहू (30 वर्ष) सवारी बुलाने के लिए बस से नीचे उतरा था। उसी समय जेठा की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने बस कंडक्टर को टक्कर मार दी। आनन-फानन में आसपास के लोगों ने बस कंडक्टर को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सक्ती में भर्ती कराया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर कर दिया गया है।
कार को भाजपा सक्ती नगर मंडल के सोशल मीडिया प्रभारी प्रकाश साहू चला रहे थे। कंडक्टर के सिर पर गंभीर चोट लगी है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया है। लोगों ने बताया कि आरोपी बीजेपी नेता को मामूली चोट लगी है। वो हादसे के बाद घर चला गया।




