कांकेर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहने वाले कांकेर लोकसभा सीट से भाजपा सांसद भोजराज नाग एक बार फिर चर्चा में हैं। जिले में आयोजित पारंपरिक ठाकुर जोहरानी कार्यक्रम में उन्होंने धर्मांतरण को लेकर बड़ा और विवादित बयान दिया।
सांसद भोजराज नाग ने कार्यक्रम में कहा कि, गांव में अवैध प्रार्थना सभा, कब्रिस्तान और चर्च को उखाड़ फेंको। हमारे गांवों में सिर्फ हमारे देवी-देवता रहेंगे। धर्मांतरण के खिलाफ सभी को एकजुट होना होगा।
Read Also- न्यूड पार्टी प्रकरण: राज्य महिला आयोग ने लिया स्वतः संज्ञान, पुलिस को दिया ये सख्त निर्देश
पहले भी विवादों में रहे हैं सांसद
भोजराज नाग इससे पहले भी कई बार अपने बयानों और कार्यशैली को लेकर सुर्खियों में आ चुके हैं। कुछ समय पहले उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वे आम जनता के सामने एक ठेकेदार को गालियां देते नजर आए थे। वहीं, एक विरोध प्रदर्शन के दौरान उन्होंने कलेक्टर और अपर कलेक्टर के खिलाफ भी विवादित टिप्पणी करते हुए कहा था कि, मैंने कई बार अधिकारियों का भूत उतारा है। जनप्रतिनिधि भी हूं, बैगा भी हूं, अधिकारियों का भूत उतार दूंगा।
सांसद भोजराज नाग को नक्सलियों से जान से मारने की धमकी भी मिल चुकी है। बावजूद इसके, वे अपने आक्रामक तेवर और विवादित बयानों के चलते लगातार सुर्खियों में बने रहते हैं।




