CG News: छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने राज्यपाल रमेन डेका को पत्र लिखा है। इसमें गैर बैंकिंग वित्तीय कपनियों द्वारा प्रदेश की हजारों गरीब महिलाओं एवं शिक्षित बेरोजगारों से करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी की राशि वापस करने एवं निवेश के नाम पर बैंकों से दिलवाए गए ऋण को माफ करने का आग्रह किया गया है।
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा, भाजपा राज में यह चिटफंड पार्ट 2 है। भाजपा की पिछली सरकार में भी प्रदेश के आम गरीब जनों के करोड़ों रुपए चिटफंड के नाम पर लूटे गए थे, जिसे कांग्रेस की सरकार ने कुछ हद तक गरीबों के रुपए लौटने का कार्य किया था। वर्ष 2023 में भाजपा की सरकार बनते ही फिर से चिटफंड कंपनियां सक्रिय हो गई है। गरीब, पढ़े लिखे युवा महिलाओं से मात्र 1 वर्ष में ही हजारों करोड़ों की धोखाधड़ी हो गई है। लूटी गई जनता परेशान है, भाजपा सरकार मौन है।




