CG Scout Camp : भारत स्कॉउटस एवम गाइडस छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित राज्य मुख्यालय ने शनिवार को एक अनूठी पहल की। छत्तीसगढ़ राज्य बनने के 24 वर्ष के इतिहास में पहली बार अपने स्कॉउटस और गाइडस को पत्रकारिता की विभिन्न विधाओं से परिचित करवाया गया। ये पहला अवसर था, जब प्रदेश के 33 जिलों के जिला प्रभारियों को प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व न्यू मीडिया में काम करने के गुर सिखाए गए।
मीडिया कार्यशाला का उद्घाटन कुशाभाऊ ठाकरे राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय के कुलपति बलदेव भाई शर्मा ने किया। इस अवसर पर बलदेव भाई शर्मा ने कहा कि स्काउटिंग की शुरुआत से अब तक इसका उद्देश्य सार्थक रहा है। उन्होंने कई उदाहरण देते हुए पत्रकारिता की महत्ता को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि इस भागदौड़ भरे जीवन में हमारे अच्छे कार्य लोगों तक पहुंचे, यही इस मीडिया कार्यशाला की सार्थकता है। उदघाटन सत्र की अध्यक्षता भारत स्कॉउटस एवम गाइडस छत्तीसगढ़ के मुख्य राज्य आयुक्त डॉ. सोमनाथ यादव ने की।
डॉ. यादव ने संबोधित करते हुए कहा कि हम ब्लॉक लेवल तक स्काउटिंग के कार्य व गतिविधियां कर रहे हैं। हम सेवाकार्यों के साथ-साथ बच्चों को संस्कार देने का कार्य भी करते हैं। स्काउट व गाइड के जरिये बच्चों का व्यक्तित्व विकास भी करते हैं। ऐसे बच्चे जो स्काउटिंग में नहीं हैं या जिनके अभिभावक स्काउटिंग के लाभ नहीं जान पाए हैं, उन तक यह बात पहुंचे। इस हेतु यह कार्यशाला मील का पत्थर साबित होगी। डॉ. यादव ने कहा कि इससे अन्य बच्चे भी स्काउट व गाइड की तरफ आकर्षित होंगे। आपको बता दें कि डॉ. सोमनाथ यादव की पहल पर ही यह कार्यशाला आयोजित की गई।




