CGPSC Scam in Chhattisgarh : छत्तीसगढ़ में डीएसपी, डिप्टी कलेक्टर समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर पिछले दरवाजे से कुपात्र उम्मीदवारों को नियुक्ति देने के मामले में छत्तीसगढ़ पीएससी की तत्कालीन परीक्षा नियंत्रक आरती वासनिक के घर सीबीआई की छापेमारी हुई है। अभी तक सीबीआई उन्हें दो बार पूछताछ कर चुकी है। पूर्व चेयरमैन टामन सिंह सोनवानी और तत्कालीन परीक्षा नियंत्रक आरती वासनिक पूर्व मुख्यमंत्री बघेल के करीबी बताये जाते है।
यह भी बताया जा रहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री के कार्यालय में तत्कालीन दौर में पदस्थ कई अधिकारियों के बच्चों के अलावा उनके दामादों को भी कई बड़े पदों पर नियुक्ति दी गई थी। इसमें डेविड नामक रिटायर्ड पुलिस अधिकारी के पुत्र का नाम भी शामिल बताया जाता है। सूत्र तस्दीक कर रहे है कि तत्कालीन मुख्यमंत्री के आवास और सुरक्षा में तैनात कई अधिकारियों के कुपात्र परिजनों को तश्तरी में परोस कर सरकारी पदों पर नौकरी दी गई थी।
पूर्व मुख्यमंत्री बघेल और उनकी निलंबित उपसचिव सौम्या चौरसिया की टीम में शामिल आरती वासनिक की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर आरोप लगे है।जानकारी के अनुसार आरती वासनिक के राजनांदगांव और रायपुर स्थित ठिकानों में सीबीआई ने दबिश दी है। इस दौरान कई दस्तावेज भी सीबीआई के हाथ लगे है। तत्कालीन परीक्षा नियंत्रक आरती वासनिक के तार पूर्व मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े बताये जाते है। उनकी गिरफ्तारी के आसार भी जाहिर किये जा रहे है।




