Chhattigarh Health Department : कलेक्टर डी. राहुल वेंकट के निर्देशानुसार 13 सितंबर 2024 को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ अविनाश खरे और जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) डॉ पुष्पेंद्र सोनी ने की।
बैठक में सभी राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के नोडल अधिकारी, विकासखण्ड स्तर के सभी बीएमओ, बीपीएम, बीएएम, बीईई, और महिला-पुरुष सुपरवाइजर उपस्थित रहे।सीएमएचओ डॉ अविनाश खरे ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इसके लिए तत्काल कार्यवाही की जाएगी।
उन्होंने ‘Hims’ और ‘Uwin’ पोर्टलों पर अपलोडिंग कार्यों की भी समीक्षा की और जहां खामियां पाई गईं, उन्हें तत्काल सुधारने के निर्देश दिए। बैठक में आयुष्मान कार्ड का 100% निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कम उपलब्धि वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने और कार्ययोजना बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। साथ ही, सिकलसेल की जांच की प्रवृत्ति और इसकी जानकारी स्वास्थ्य केन्द्रों पर पोर्टल में दर्ज करने के निर्देश दिए गए।
सीएमएचओ ने राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन और कुष्ठ नियंत्रण कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही, आरसीएच (रिप्रोडक्टिव चाइल्ड हेल्थ) कार्यक्रम के तहत गर्भवती महिलाओं का प्रथम तिमाही में पंजीकरण और चार जांचों की जानकारी प्राप्त की।




