मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन पर उन्हें नमन किया और इस मौके पर एक्स पर एक भावुक पोस्ट के माध्यम से श्रद्धांजलि दी। सीएम साय ने लिखा कि सुशासन के पथ प्रदर्शक अटल बिहारी वाजपेयी जी ने अपनी दूरदृष्टि और कुशल नेतृत्व से भारत को वैश्विक मंच पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
सीएम ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ के निर्माता और विकास के मार्गदर्शक अटल जी को समूचा प्रदेश सम्मानपूर्वक स्मरण करता है। उनकी प्रेरणा से आज छत्तीसगढ़ शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि अटल जी की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन। उनके जीवन मूल्य और आदर्श हमें समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण हेतु प्रेरित करते रहेंगे।
Read Also- जिला कांग्रेस कमेटी ने “अंबेडकर सम्मान रैली” निकालकर की गृहमंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग, राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
मुख्यमंत्री साय ने यह भी कहा कि अटल जी ने छत्तीसगढ़ राज्य का गठन कर हमें अपनी पहचान दी और ‘छत्तीसगढ़’ लिखने का गौरव प्रदान किया। इस संदर्भ में, मुख्यमंत्री ने अटल जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि अटल जी का छत्तीसगढ़ के लोगों से गहरा आत्मीय लगाव था। उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण में अहम भूमिका निभाई और राज्य के विकास और समृद्धि के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ राज्य का गठन किया।
सीएम ने यह भी बताया कि छत्तीसगढ़ अपनी स्थापना के 25वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है और राज्य सरकार इस रजत जयंती वर्ष को “अटल निर्माण वर्ष” के रूप में मना रही है। इस वर्ष में राज्य में अधोसंरचना विकास के कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने अटल जी के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अटल जी एक कुशल राजनीतिज्ञ, ओजस्वी वक्ता और कवि हृदय सरल व्यक्तित्व थे। उनका जन्मदिन ‘सुशासन दिवस’ के रूप में मनाया जाता है। सीएम ने कहा कि अटल जी का सपना था – एक सशक्त, समृद्ध और खुशहाल भारत, और उसी सपने को साकार करते हुए छत्तीसगढ़ आज शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है।




