KHABARWAAD BILASPUR. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 21 अप्रैल को एक दिवसीय प्रवास पर छत्तीसगढ़ आएंगे। बिलासपुर लोकसभा के बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के स्व. बीआर यादव स्टेडियम बहतराई में उनकी चुनावी सभा होगी। दरअसल, हिंदुत्व व राम मंदिर के मुद्दे को जीवंत रखने के उद्देश्य से भाजपा ने योगी आदित्यनाथ को स्टार प्रचारक बनाया है। यही वजह है कि एक ही दिन में CM योगी बिलासपुर सहित छत्तीसगढ़ के कई लोकसभा में दौरा करेंगे।
UP के CM योगी आदित्यनाथ की चुनावी सभा पहले राजनांदगांव के कुमरदा गांव में होगी। इसके बाद आदित्यनाथ बिलासपुर और फिर कोरबा में भी चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। बिलासपुर के बेलतरा में होने वाली उनकी सभा के लिए भाजपा ने 30 हजार की भीड़ जुटाने का दावा किया है। इस आयोजन की पूरी व्यवस्था की कमान बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला को दी गई। उन्होंने तैयारी को लेकर क्षेत्र के युवाओं की बैठक बुलाई, जिसमे कार्यक्रम के तैयारी को लेकर चर्चा की गई और संगठन पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां दी।
MLA शुक्ला बोले- राम को लाने वाले CM आ रहे हैं बेलतरा
बेलतरा विधायक शुक्ला ने बताया कि यह हमारे विधानसभा क्षेत्र के लिए गौरव की बात है कि जो राम को लाए हैं वे स्वयं चलकर हमारे पास आ रहे हैं। वह क्षण उनके आध्यात्मिक ऊर्जा के प्रकाश से स्वयं को आल्हादित करने वाला होगा। हम रोमांचित हैं कि अहंकार में डूबे हुए घनानंद की आतताई सत्ता को उखाड़ फेंकने वाले राजनीति के चाणक्य योगीजी का सानिध्य हमें प्राप्त होगा। उन्होंने बताया कि महाराज योगी दोपहर तीन बजे सभा स्थल पहुचेंगे, भाजपा के कार्यकर्ता सभा की प्रचार प्रसार व्यवस्था में लगे हुए हैं।




