भोपाल। जिले के गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया में बुधवार दोपहर अचानक क्लोरीन गैस का रिसाव हो गया। यह घटना हिंद फार्मा फैक्ट्री में दोपहर 3:30 बजे हुई। गैस फैलने के कारण फैक्ट्री और आसपास मौजूद लोगों की आंखों में जलन और सांस लेने में कठिनाई होने लगी।
सूचना मिलने के बाद गोविंदपुरा एसडीएम रवीश कुमार श्रीवास्तव, एसडीईआरएफ, नगर निगम फायर ब्रिगेड, पुलिस और बिजली कंपनी का अमला तुरंत मौके पर पहुंचा। उन्होंने कास्टिक सोडा डालकर गैस को न्यूट्रल किया और करीब एक घंटे में स्थिति काबू में आ गई।
पुलिस और प्रशासन ने आसपास के लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की सलाह दी। फिलहाल किसी के गंभीर रूप से प्रभावित होने की खबर नहीं है।




