रायपुर। छत्तीसगढ़ में बीते कुछ दिनों से बारिश की गतिविधि थमने के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। उमस और गर्मी से लोग परेशान हैं, लेकिन मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है। विभाग के अनुसार, प्रदेश में जल्द ही मानसून सक्रिय होगा और कई इलाकों में अच्छी बारिश देखने को मिलेगी।
मौसम विभाग ने बताया कि 13 अगस्त के आसपास बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम और समीपवर्ती पश्चिम-मध्य क्षेत्र में निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके असर से 12 अगस्त से छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी। वहीं 13 अगस्त से एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने के आसार हैं।
Read Also- मरीन ड्राइव तालाब में डूबने से युवक की मौत
पिछले 24 घंटों में दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में मध्यम बारिश हुई, जबकि शेष प्रदेश में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान सबसे अधिक तापमान दुर्ग में 34.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में आज आसमान पर बादलों का डेरा रहेगा। गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। तापमान न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।




