कोरबा। जिले में हुए सड़क हादसे में आरक्षक भूपेंद्र कंवर की मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब वह अपनी नाइट ड्यूटी के लिए घर से निकले थे और मोगरा थाना क्षेत्र के जावली मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आ गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद राहगीरों ने घायल आरक्षक को डायल 112 के माध्यम से कटघोरा अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक आरक्षक भूपेंद्र कंवर दीपका थाना में पदस्थ थे और कटघोरा के निवासी थे। वह अपनी बाइक से दीपका थाना जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम किया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। इस घटना के बाद आरक्षक के परिवार और पुलिस प्रशासन में शोक की लहर है।




