सरगुजा। देशभर के निवेशकों से अरबों रुपए की ठगी करने वाले क्रिप्टो घोटाले में मुंबई पुलिस ने अंबिकापुर से आरोपी बलविंदर सिंह (बल्ली) को गिरफ्तार किया है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर मुंबई रवाना किया गया है, जहां पूछताछ के बाद बड़ा खुलासा हो सकता है।
बलविंदर सिंह मिस्टर मिंट क्रिप्टो करेंसी के डायरेक्टर में शामिल थे। इस संस्था ने फर्जी क्रिप्टो टोकन और कृत्रिम एक्सचेंज बनाकर निवेशकों को लुभाया। कंपनी ने सेबी और आरबीआई जैसे नियामक संस्थाओं के नाम पर जाली दस्तावेज दिखाए और भारी मुनाफे का झांसा देकर लोगों को शिकार बनाया। प्रचार के लिए हरभजन सिंह और साइना नेहवाल जैसे सेलिब्रिटीज का भी इस्तेमाल किया गया।
मुंबई पुलिस और रायपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने जुलाई में रायपुर के बेबीलोन होटल से प्रमोद साहू और राहुल भदोरिया को पहले गिरफ्तार किया था।
सरगुजा एएसपी अमोलक सिंह ने बलविंदर की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि यह कार्रवाई आर्थिक अनियमितता और मनी लॉन्ड्रिंग के मामलों से जुड़ी है। निवेशक मिस्टर मिंट से संबंधित शिकायत या जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 या नजदीकी साइबर क्राइम सेल से संपर्क कर सकते हैं।




