नई दिल्ली. श्रीलंका में व्यापक तबाही मचाने के बाद साइक्लोन दितवाह रविवार को तमिलनाडु और पुडुचेरी के तटों से टकराने की संभावना है। मौसम विभाग ने कुड्डालोर, नागपट्टिनम, मयिलादुथुराई, विल्लुपुरम और चेंगलपट्टू सहित तटीय क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
आपदा प्रबंधन की तैयारी के तहत तमिलनाडु के तटीय जिलों में NDRF और SDRF की 28 से अधिक टीमें तैनात की गई हैं। इसके साथ ही महाराष्ट्र और गुजरात के NDRF बेस से 10 अतिरिक्त टीमें चेन्नई पहुंचाई गई हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किए जा सकें।
भारी बारिश के कारण शनिवार को तमिलनाडु में 54 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। पुडुचेरी सेंट्रल यूनिवर्सिटी ने साइक्लोन की स्थिति को देखते हुए छुट्टी घोषित कर सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। इसके अलावा पुडुचेरी, कराईकल, माहे और यनम में सभी स्कूल और कॉलेजों को सोमवार तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
श्रीलंका में साइक्लोन दितवाह का सबसे अधिक असर देखा गया, जहां बाढ़ और भूस्खलन से 150 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 100 से ज्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं। उधर, चेन्नई की उड़ानें रद्द होने के कारण कोलंबो एयरपोर्ट पर करीब 300 भारतीय यात्री पिछले तीन दिनों से फंसे हुए हैं। ये सभी दुबई से श्रीलंका के रास्ते भारत लौटने वाले थे।




