नई दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान हमला हुआ। इस हमले में मुख्यमंत्री के सिर में चोट आई है। दिल्ली पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए गृह मंत्रालय को इसकी जानकारी भेजी है। फिलहाल सीएम की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
गुजरात का रहने वाला है आरोपी
आरोपी की पहचान गुजरात के राजकोट निवासी राजेश भाई खिमजी भाई सकरिया के रूप में हुई है। वह खुद को पशु प्रेमी बताता है। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी के परिजन का एक मामला कोर्ट में विचाराधीन है और वह उसे छुड़वाने की अर्जी लेकर मुख्यमंत्री से मिलने आया था।
मानसिक स्थिति पर सवाल
पुलिस जांच में आरोपी की मां ने खुलासा किया कि उसका बेटा मानसिक रूप से बीमार है और लंबे समय से आवारा कुत्तों की सुरक्षा को लेकर सक्रिय रहा है। मां के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट के आवारा कुत्तों पर आए फैसले के बाद ही वह दिल्ली पहुंचा था। आरोपी पहले भी दिल्ली आ चुका है। वह राजकोट में रिक्शा चालक परिवार से ताल्लुक रखता है।
गुजरात पुलिस भी जांच में शामिल
दिल्ली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही, गुजरात पुलिस से संपर्क कर आरोपी की पृष्ठभूमि की जानकारी मांगी गई है। आधार कार्ड समेत उसके दस्तावेजों की जांच की जा रही है। राजकोट पुलिस ने आरोपी की मां को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।




