रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस हेड क्वार्टर में फाइव डे वर्किंग कल्चर को खत्म करने के बाद आशंका जताई जा रही है कि अन्य विभागों से भी इसे खत्म कर दिया जाएगा। कांग्रेस की पूर्ववर्ती भूपेश सरकार ने प्रदेश में फाइव डे वर्किंग का क्लचर लाया था और इसके तहत शनिवार और रविवार को सरकारी कर्मचारियों की छुट्टी होती थी।
हाल ही में डीजीपी प्रशासन ने एक आदेश जारी करते हुए पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों की शनिवार की छुट्टी को रद्द कर ऑफिस आने के लिए कहा था। इसके बाद अब सरकारी कर्मचारियों के मन में शंका है कि विष्णुदेव साय सरकार अन्य विभागों से फाइव डे वर्किंग को खत्म करना चाहती है। ऐसा हुआ तो शनिवार के साथ रविवार की छुट्टी एंजॉय करने वाले सरकारी अधिकारी और कर्मचारी को बड़ा झटका लग सकता है और इसे जारी रखने के लिए लामबद्ध हो सकते हैं।
ऐसे में अभनपुर से पूर्व विधायक धनेंद्र साहू का एक बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि कर्मचारी पूरे उत्साह के साथ काम कर सके इसके लिए हमारी सरकार में शनिवार और रविवार छुट्टी दी गई थी। वहीं इस बात की आशंका है की पुलिस विभाग की तरह ही सरकार अन्य विभागों की छुट्टियां भी खत्म करने जा रही है। कांग्रेस पार्टी इसका विरोध कर रही है। यह सरकार कर्मचारियों के खिलाफ है।




