मुंबई। शिवसेना (यूबीटी) के वरिष्ठ नेता एवं विधायक अनिल परब ने दावा किया है कि पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे के बांद्रा स्थित निवास मातोश्री के ऊपर ड्रोन मंडराता देखा गया। यह क्षेत्र अत्यधिक सुरक्षित जोन होने के कारण घटना ने सुरक्षा चिंता बढ़ा दी है।
अनिल परब ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर मुंबई पुलिस से तत्काल जांच की मांग की है। उन्होंने ड्रोन से घर की रेकी करने तथा आतंकवादी साजिश की आशंका जताई है। परब ने कहा कि बिना अनुमति के हाई सिक्योरिटी जोन में ड्रोन उड़ाना गंभीर सुरक्षा उल्लंघन है तथा दोषी की पहचान कर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
पुलिस का स्पष्टीकरण
जोन-8 के उपायुक्त मनीष कलवानिया ने स्पष्ट किया कि उक्त ड्रोन मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) की पूर्व अनुमति से सर्वे कार्य के लिए उड़ाया गया था। उन्होंने अनिल परब से गलत जानकारी फैलाने से बचने का अनुरोध किया है।
फिलहाल पुलिस ने मामले की औपचारिक जांच शुरू कर दी है तथा ड्रोन ऑपरेटर की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है।




