फरीदाबाद। ग्रेटर फरीदाबाद सेक्टर-86 स्थित प्रिंसेस पार्क सोसायटी की आरडब्ल्यूए ने निवासी दिव्या नायक पर 1.25 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। दिव्या नायक ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की।
महिला का आरोप है कि कुत्तों को खाना खिलाने को लेकर उसके साथ मारपीट की गई और परिवार को पुलिस द्वारा धमकाया गया। 22 अगस्त से सोसायटी में कुत्तों को खाना खिलाने पर रोक लगाई गई है और लेडी बाउंसरों की तैनाती भी की गई है।
सोसायटी में लगभग 40 कुत्ते हैं जो भूखे हैं। इस मुद्दे पर किसी ने सुनवाई नहीं की। दिव्या नायक वर्ष 2022 से सोसायटी में कुत्तों को खाना खिला रही हैं और इसको लेकर उनका आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों से कई बार विवाद हो चुका है।
आरडब्ल्यूए उपप्रधान रमणिक चहल ने बताया कि महिला को कई बार निर्धारित फीडिंग प्वाइंट पर कुत्तों को खाना खिलाने के लिए कहा गया, लेकिन वह नियमों का पालन नहीं करती और सोसायटी में कहीं भी खाना खिलाने लगती है, जिससे अन्य निवासियों को परेशानी होती है।
निवासियों की शिकायत के अनुसार कुत्ते कई बार लोगों पर हमला भी कर चुके हैं। पिछले तीन वर्षों में लगातार लगाए गए जुर्मानों की राशि मिलाकर 1.25 लाख रुपये हो गई है।
आरडब्ल्यूए का कहना है कि अगर कोई भी निवासी नियमों का पालन नहीं करेगा तो जुर्माना लगाना मजबूरी होगी। 22 अगस्त से फीडिंग प्वाइंट को सोसायटी के सामने स्थित मार्केट में शिफ्ट कर दिया गया है।




