रायपुर। राजधानी रायपुर में पूर्व महिला थाना प्रभारी वेदवती दरियों समेत अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। यह कार्रवाई कोर्ट के आदेश के बाद की गई। दरअसल, एक महिला ने आरोप लगाया था कि काउंसलिंग के दौरान थाना प्रभारी और स्टाफ ने उसकी और उसके परिजनों की बेरहमी से पिटाई की थी।
घटना मार्च 2024 की है, जब आसिफ अली और उसकी पत्नी यास्मीन फातिमा के बीच चल रहे वैवाहिक विवाद के समाधान के लिए महिला थाने में काउंसलिंग रखी गई थी। दोनों की शादी अप्रैल 2023 में हुई थी, लेकिन कुछ ही महीनों में उनके बीच मतभेद शुरू हो गए।
Read Also- सूरजपुर में दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर पलटने से युवक की मौत, दो घायल
काउंसलिंग के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में गाली-गलौज होने लगी। यास्मीन का आरोप है कि इस दौरान तत्कालीन महिला थाना प्रभारी वेदवती दरियों ने एकतरफा कार्रवाई करते हुए महिला सब इंस्पेक्टर शारदा वर्मा और कांस्टेबल फगेश्वरी कंवर के साथ मिलकर उसकी और उसके परिवार वालों की डंडे और बेल्ट से पिटाई कर दी।
यास्मीन का दावा है कि इस मारपीट में उसे गर्दन और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। इसके बावजूद पुलिस ने उल्टे उसके और उसके परिजनों के खिलाफ कोतवाली थाने में FIR दर्ज करवा दी थी।
Read Also- रायपुर-जबलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस का शुभारंभ, मुख्यमंत्री साय ने दिखाई हरी झंडी
इसके बाद यास्मीन ने न्याय के लिए कोर्ट की शरण ली और मजिस्ट्रेट के समक्ष मारपीट व गाली-गलौज की शिकायत दर्ज करवाई। मामले की सुनवाई के बाद कोर्ट ने पुलिस को FIR दर्ज करने के आदेश दिए।
गौरतलब है कि वेदवती दरियों पहले भी भ्रष्टाचार के एक अन्य मामले में घूस लेते पकड़ी जा चुकी हैं। एंटी करप्शन ब्यूरो ने उन्हें 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था।




