कर्नाटक। जेडीएस नेता और हासन से पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना को यौन शोषण के गंभीर मामले में दोषी ठहराया गया है। निर्वाचित प्रतिनिधियों से जुड़े मामलों की सुनवाई के लिए गठित विशेष अदालत के न्यायाधीश संतोष गजानन भट ने शुक्रवार को फैसला सुनाते हुए रेवन्ना को दोषी करार दिया। सजा की अवधि की घोषणा दोपहर 2:45 बजे की जाएगी।
अदालत में क्या बोले रेवन्ना?
दोष सिद्ध होने के बाद जब अदालत ने रेवन्ना से अंतिम बयान देने को कहा, तो उन्होंने भावुक होते हुए कहा, मैंने एक सांसद के रूप में अच्छा काम किया है। छह महीने से अपने माता-पिता को नहीं देखा है। मैं एक मेधावी छात्र हूं और मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक हूं। राजनीति में जल्दी आ गया और अच्छा काम करने लगा, शायद इसलिए मुझे फंसाया गया। मैं मीडिया पर कोई आरोप नहीं लगाना चाहता, ये सब पुलिस का काम है।
Read Also- बलात्कार केस में दोषी ठहराए गए पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना, कोर्ट का फैसला सुनते ही फूट-फूटकर रो पड़े
किन धाराओं में दर्ज हुआ मामला?
यह मामला हासन के गन्निकाडा गेस्ट हाउस में रेवन्ना परिवार के यहां काम करने वाली 48 वर्षीय महिला मेड के यौन शोषण से जुड़ा है। आरोप है कि प्रज्वल ने इस कृत्य को अपने मोबाइल फोन पर रिकॉर्ड किया था।
एसआईटी ने उनके खिलाफ IPC की धारा 376(2)(के) (प्रभुत्व का दुरुपयोग कर बलात्कार), 376(2)(एन) (बार-बार बलात्कार), IT अधिनियम की धारा 66ई (निजता का उल्लंघन) और अन्य धाराओं में चार्जशीट दाखिल की थी।
हासन और बेंगलुरु स्थित आवासों पर हुआ दुष्कर्म
अभियोजन पक्ष के अनुसार, पीड़िता के साथ दो बार, पहली बार हासन और दूसरी बार बेंगलुरु स्थित निवास पर 2021 में दुष्कर्म हुआ। मामले में 113 गवाहों के बयान दर्ज हुए, और मुकदमा 18 जुलाई 2025 को समाप्त हुआ।
Read Also- अनिल अंबानी की मुश्किलें बढ़ीं, ED ने जारी किया लुकआउट सर्कुलर, 5 अगस्त को पूछताछ के लिए बुलाया
2000 से अधिक अश्लील वीडियो क्लिप, चार मामले दर्ज
प्रज्वल रेवन्ना पर चार अलग-अलग यौन उत्पीड़न मामलों में मुख्य आरोपी होने के आरोप हैं। सोशल मीडिया और अन्य ऑनलाइन माध्यमों पर 2000 से अधिक आपत्तिजनक वीडियो क्लिप सामने आने के बाद उनके खिलाफ जांच तेज हुई। उनके खिलाफ पहली शिकायत अप्रैल 2023 में दर्ज की गई थी।




