ख़बरवाद डॉट कॉम, रायपुर। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने गुरुवार को एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि अब चुनाव लड़ने का मन नहीं है। अब तक जितने चुनाव हुए हैं, चाहे वो 2008 का रहा हो, 2013 या 2018 का, हर बार चुनाव में पूरे मन से खड़ा होता था। हमेशा मन में रहता था कि हां चुनाव लड़ना है, लेकिन इस बार सही में चुनाव लड़ने का उस तरह से मन नहीं है, जैसा कि पहले रहता था। यह बात उन्होंने सरगुजा के गांधी स्टेडियम में कही।
इधर, इस पर गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू से प्रतिक्रिया ले गई तो उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि किसी के चुनाव नहीं लड़ने से कांग्रेस को कोई नुकसान नहीं होता। एक व्यक्ति चुनाव नहीं लड़ता तो दस व्यक्ति खड़े हो जाते है।
चुनाव से पहले फैसले की बात की थी सिंहदेव ने
टीएस सिंहदेव अंबिकापुर विधानसभा सीट से लगातार तीसरी बार विधायक बने हैं। 2013 में वो छत्तीसगढ़ में नेता प्रतिपक्ष थे। 2018 के विधानसभा चुनाव में टीएस सिंहदेव ने कांग्रेस का घोषणा पत्र तैयार किया था। उन्होंने हाल ही में दिए अपने एक बयान में कहा था कि वे चुनाव से पहले कोई बड़ा फैसला ले सकते हैं। उन्होंने कहा था कि ‘मैं चुनाव से पहले अपने भविष्य के बारे में फैसला लूंगा’। टीएस सिंहदेव के इस बयान के बाद माना जा रहा था कि वे आलाकमान से अपने भविष्य के बारे में फैसला लेंगे। लेकिन आज आये बयान से यह स्पष्ट है कि वे आलाकमान और प्रदेश के नेताओं से अच्छे-खासे नाराज है और आने वाले समय में वे खुद को राजनीति से दूर कर ले तो कोई बड़ी बात नहीं है।




