नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। बुधवार को कटरा स्थित माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर हुए बड़े भूस्खलन में कम से कम 31 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 23 लोग घायल हुए हैं। हादसा त्रिकुटा पहाड़ी पर हुआ, जहां मंदिर जाने वाले मार्ग का एक बड़ा हिस्सा मलबे में तब्दील हो गया।
बचाव कार्य जारी
प्रशासन और एनडीआरएफ की टीमों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया है। मलबे के नीचे और लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और कई की हालत गंभीर बनी हुई है।
बारिश से बिगड़े हालात
लगातार भारी बारिश ने जम्मू-कश्मीर में बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति पैदा कर दी है। जम्मू क्षेत्र में कई पुल ढह गए हैं बिजली लाइनों और मोबाइल टावरों को भारी नुकसान पहुंचा है। मंगलवार को केवल 6 घंटे (सुबह 11:30 से शाम 5:30 बजे तक) में 22 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
हालांकि, देर रात के बाद बारिश में कमी आने से स्थिति में कुछ राहत मिली है, लेकिन प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।




