नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मॉनसून का कहर लगातार जारी है और दिल्ली-एनसीआर भी इससे अछूता नहीं है। मंगलवार सुबह से ही राजधानी दिल्ली, गाजियाबाद, फरीदाबाद, ग्रेटर नोएडा समेत कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश हो रही है। बारिश ने जहां गर्मी से राहत दी, वहीं जलभराव और जाम ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
इलाज में लापरवाही पड़ी महंगी: उपभोक्ता फोरम ने निजी अस्पताल पर ठोका 5 लाख का जुर्माना
सड़कों पर पानी-पानी, वाहनों की रफ्तार थमी
तेज बारिश के चलते सड़कों पर पानी भर गया है, जिससे वाहन रेंगते नजर आ रहे हैं। जलभराव के कारण ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई है। ऑफिस और स्कूल जाने वालों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। बुराड़ी समेत कई इलाकों में हालात सबसे अधिक खराब हैं, जहां सड़कों का अस्तित्व पानी में डूब गया है।
गड्ढों में छिपा खतरा, हादसों की आशंका
बारिश के पानी ने सड़कों के गड्ढों को ढंक दिया है, जिससे वहां से गुजरना खतरनाक हो गया है। हादसों का खतरा बढ़ गया है और लोग सोशल मीडिया पर स्थानीय प्रशासन की लापरवाही को लेकर नाराजगी जता रहे हैं।
मौसम विभाग का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार दोपहर तक इसी तरह तेज बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। लोगों को बिना जरूरत बाहर न निकलने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।




