अंबरनाथ। महाराष्ट्र के अंबरनाथ में शुक्रवार शाम फ्लाईओवर पर एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की महिला उम्मीदवार किरण चौबे भी शामिल हैं।
हादसा तब हुआ जब किरण चौबे अपने ड्राइवर लक्ष्मण शिंदे के साथ चुनाव प्रचार के लिए बुवा पाडा क्षेत्र जा रही थीं। पुलिस के अनुसार ड्राइवर लक्ष्मण शिंदे को अचानक हार्ट अटैक आया, जिससे वाहन पर नियंत्रण खो बैठे और कार डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद कई अन्य वाहन आपस में टकरा गए।
मृतकों में ड्राइवर लक्ष्मण शिंदे, नगर परिषद कर्मचारी चंद्रकांत अनारके, 17 वर्षीय सुमित चेलानी और शैलेश जाधव शामिल हैं। घायलों में किरण चौबे के अलावा अमित चौहान और अभिषेक चौहान हैं। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने कार का शीशा तोड़कर किरण चौबे को बाहर निकाला और उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर वाहनों का तकनीकी परीक्षण शुरू कर दिया है तथा चश्मदीदों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। हादसे के कारण फ्लाईओवर पर लंबा जाम लग गया था।




