डीआरपी डेस्क। उत्तर प्रदेश के संभल जिले में प्रशासन ने सरकारी जमीनों को कब्ज़ामुक्त कराने के लिए बुलडोजर कार्रवाई जारी रखी। 15 अक्टूबर को एचौड़ा कंबोह इलाके में विशाल कल्कि धाम के पास सार्वजनिक पार्क की 265 वर्ग मीटर जमीन पर बनी एक अवैध मस्जिद को नायब तहसीलदार दीपक ज़ुरैल और सीओ कुलदीप सिंह के नेतृत्व में ध्वस्त कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान बुलडोजर चलते ही मस्जिद का स्ट्रक्चर भरभराकर गिर गया। मौके पर तीन थानों की पुलिस फोर्स और पीएसी तैनात रही, ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।
प्रशासन के अनुसार मस्जिद कमेटी को 11 जून को जमीन खाली करने का नोटिस जारी किया गया था, जिसे 16 जून को तामील कराया गया। हालांकि, पूरी मस्जिद नहीं हटाई गई, जिसके बाद 24 सितंबर को तहसीलदार ने बेदखली का आदेश जारी किया। 10 अक्टूबर को मस्जिद हटाने के लिए विशेष कमेटी भी गठित की गई थी।
सीओ कुलदीप सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई न्यायालय के आदेशानुसार की गई है। अवैध ढांचे को हटाने के बाद मलबा भी साफ कराया गया।




