दुर्ग। राज्योत्सव-2025 के पहले दिन आयोजित कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने शिक्षक भर्ती और हाईटेक शिक्षा से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि 5000 शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया में से 4700 पदों के लिए वित्त विभाग की स्वीकृति मिल चुकी है। शेष 300 पद कंप्यूटर, पीटी और योग जैसे विषयों के शिक्षकों के लिए आरक्षित किए जाएंगे।
मंत्री यादव ने कहा कि राज्य अब हाईटेक शिक्षा की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसके लिए तकनीकी ज्ञान रखने वाले शिक्षकों की जरूरत है। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में देरी पर कहा कि कुछ लोग बिना पूर्ण जानकारी के आंदोलन कर रहे हैं, जबकि मुख्यमंत्री से चर्चा कर शिक्षक भर्ती को अन्य विभागों से पहले पूरा करने का आग्रह किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री ने दुर्ग जिले के 12वीं बोर्ड परीक्षा के टॉपर को एक लाख रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रतिभाशाली छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कदम उठा रही है। इसके साथ ही मंत्री ने भिलाई पावर हाउस स्थित बंद पड़े सी-मार्ट को पुनः विकसित कर उसे छत्तीसगढ़ी साज-सज्जा और श्रृंगार सामग्री के शोरूम के रूप में शुरू करने की भी घोषणा की।




