स्पोर्ट्स डेस्क। कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में खेले जा रहे टेस्ट मैच के पहले दिन भारतीय गेंदबाज़ों ने साउथ अफ्रीका पर दबदबा कायम रखते हुए मेहमान टीम को पहली पारी में सिर्फ 159 रन पर ऑलआउट कर दिया। कप्तान टेम्बा बावुमा ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी थी, लेकिन उनका फैसला गेंदबाज़ों के सामने टिक नहीं पाया। पहले ही घंटे में दोनों ओपनर्स आउट होकर लौट गए और टीम पूरे दिन बैकफुट पर नजर आई।
टी-ब्रेक से पहले ही साउथ अफ्रीका 8 विकेट गंवा चुका था। इसके बाद मैच के तीसरे सत्र में जसप्रीत बुमराह ने अपने स्पेल की आग बरकाते हुए साइमन हार्मर और केशव महाराज के विकेट लेकर अफ्रीकी पारी का अंत कर दिया।
Read Also- एशिया कप ट्रॉफी विवाद पर ICC की सख्त पहल: भारत-पाकिस्तान के बीच सुलह के लिए बनी विशेष कमेटी
भारत की ओर से बुमराह ने एक बार फिर अपनी काबिलियत साबित करते हुए टेस्ट करियर में 16वीं बार पारी में पांच विकेट अपने नाम किए। मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव ने दो-दो विकेट चटकाए, जबकि अक्षर पटेल को एक सफलता मिली। साउथ अफ्रीका के लिए ऐडन मार्करम ही थोड़ी देर टिक सके और 31 रन के साथ शीर्ष स्कोरर रहे।
लंच के बाद बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने पहली पारी में 28 रन पर एक विकेट खो दिया है। यशस्वी जायसवाल को मार्को यानसन ने बोल्ड कर भारत को शुरुआती झटका दिया। फिलहाल केएल राहुल और वॉशिंगटन सुंदर क्रीज पर मौजूद हैं और टीम को संभालने की कोशिश कर रहे हैं।




